॥ श्री गणेशाय नमः ॥
॥ श्री कमलापति नम: ॥
॥ श्री जानकीवल्लभो विजयते ॥
॥ श्री वाल्मीकि रामायण ॥
वाल्मीकि रामायण
(भावार्थ सहित)
सब एक ही स्थान पर
किष्किन्धाकाण्ड सर्ग- २३-३३
किष्किन्धाकाण्डम्
त्रयोविंशः सर्गः (सर्ग 23)
( तारा का विलाप )
श्लोक:
ततः समुपजिघ्रन्ती कपिराजस्य तन्मुखम्।
पतिं लोकश्रुता तारा मृतं वचनमब्रवीत्॥१॥
भावार्थ :-
उस समय वानरराज का मुख सूंघती हुई लोकविख्यात तारा ने रोकर अपने मृत पति से इस प्रकार कहा—॥१॥
नोट:- हिन्दू संस्कृति, संस्कार और शास्त्र से संबंधित लेख ही यहॉं मान्य होगा।
श्लोक:
शेषे त्वं विषमे दुःखमकृत्वा वचनं मम।
उपलोपचिते वीर सुदुःखे वसुधातले॥२॥
भावार्थ :-
‘वीर! दुःख की बात है कि आपने मेरी बात नहीं मानी और अब आप प्रस्तर से पूर्ण अत्यन्त दुःखदायक और ऊँचे-नीचे भूतल पर शयन कर रहे हैं॥२॥
श्लोक:
मत्तः प्रियतरा नूनं वानरेन्द्र मही तव।
शेषे हि तां परिष्वज्य मां च न प्रतिभाषसे॥३॥
भावार्थ :-
‘वानरराज! निश्चय ही यह पृथ्वी आपको मुझसे भी बढ़कर प्रिय है, तभी तो आप इसका आलिङ्गन करके सो रहे हैं और मुझसे बात तक नहीं करते॥३॥
श्लोक:
सुग्रीवस्य वशं प्राप्तो विधिरेष भवत्यहो।
सुग्रीव एव विक्रान्तो वीर साहसिकप्रिय॥४॥
भावार्थ :-
‘वीर! साहसपूर्ण कार्यों से प्रेम रखने वाले वानरराज! यह श्रीरामरूपी विधाता सुग्रीव के वश में हो गया है (-आपके नहीं) यह बड़े आश्चर्य की बात है, अतः अब इस राज्य पर सुग्रीव ही पराक्रमी राजा के रूप में आसीन होंगे॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २४
किष्किन्धाकाण्डम्
चतुर्विंशः सर्गः (सर्ग 24)
( सुग्रीव का शोकमग्न होकर श्रीराम से प्राणत्याग के लिये आज्ञा माँगना, तारा का श्रीराम से अपने वध के लिये प्रार्थना करना और श्रीराम का उसे समझाना )
श्लोक:
तामाशु वेगेन दुरासदेन त्वभिप्लुतां शोकमहार्णवेन।
पश्यंस्तदा वाल्यनुजस्तरस्वी भ्रातुर्वधेनाप्रतिमेन तेपे॥१॥
भावार्थ :-
अत्यन्त वेगशाली और दुःसह शोकसमुद्र में डूबी हुई तारा की ओर दृष्टिपात करके वाली के छोटे भाई वेगवान् सुग्रीव को उस समय अपने भाई के वध से बड़ा संताप हुआ॥१॥
श्लोक:
स बाष्पपूर्णेन मुखेन पश्यन् क्षणेन निर्विण्णमना मनस्वी।
जगाम रामस्य शनैः समीपं भृत्यैर्वृतः सम्परिदूयमानः॥२॥
भावार्थ :-
उनके मुख पर आँसुओं की धारा बह चली। उनका मन खिन्न हो गया और वे भीतर-ही-भीतर कष्ट का अनुभव करते हुए अपने भृत्यों के साथ धीरे-धीरे श्रीरामचन्द्रजी के पास गये॥२॥
श्लोक:
स तं समासाद्य गृहीतचापमुदात्तमाशीविषतुल्यबाणम्।
यशस्विनं लक्षणलक्षिताङ्ग मवस्थितं राघवमित्युवाच॥३॥
भावार्थ :-
जिन्होंने धनुष ले रखा था, जिनमें धीरोदात्त नायक का स्वभाव विद्यमान था, जिनके बाण विषधर सर्प के समान भयंकर थे, जिनका प्रत्येक अङ्ग सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार उत्तम लक्षणों से लक्षित था तथा जो परम यशस्वी थे, वहाँ खड़े हुए उन श्रीरघुनाथजी के पास जाकर सुग्रीव इस प्रकार बोले–॥३॥
श्लोक:
यथा प्रतिज्ञातमिदं नरेन्द्र कृतं त्वया दृष्टफलं च कर्म।
ममाद्य भोगेषु नरेन्द्रसूनो मनो निवृत्तं हतजीवितेन॥४॥
भावार्थ :-
‘नरेन्द्र! आपने जैसी प्रतिज्ञा की थी, उसके अनुसार यह काम कर दिखाया। इस कर्म का राज्यलाभ रूप फल भी प्रत्यक्ष ही है। किंतु राजकुमार! इससे मेरा जीवन निन्दनीय हो गया है। अतः अब मेरा मन सभी भोगों से निवृत्त हो गया॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २५
किष्किन्धाकाण्डम्
पञ्चविंशः सर्गः (सर्ग 25)
( श्रीराम का सुग्रीव, तारा और अङ्गद को समझाना तथा वाली के दाह-संस्कार के लिये आज्ञा प्रदान करना,अङ्गद के द्वारा उसका दाह-संस्कार कराना और उसे जलाञ्जलि देना )
श्लोक:
स सुग्रीवं च तारां च साङ्गदां सहलक्ष्मणः।
समानशोकः काकुत्स्थः सान्त्वयन्निदमब्रवीत्॥१॥
भावार्थ :-
लक्ष्मणसहित श्रीरामचन्द्रजी सुग्रीव आदि के शोक से उनके समान ही दुःखी थे। उन्होंने सुग्रीव, अङ्गद और तारा को सान्त्वना देते हुए इस प्रकार कहा-॥१॥
श्लोक:
न शोकपरितापेन श्रेयसा युज्यते मृतः।
यदत्रानन्तरं कार्यं तत् समाधातुमर्हथ॥२॥
भावार्थ :-
‘शोक-संताप करने से मरे हुए जीव की कोई भलाई नहीं होती। अतः अब आगे जो कुछ कर्तव्य है, उसको तुम्हें विधिपूर्वक सम्पन्न करना चाहिये॥२॥
श्लोक:
लोकवृत्तमनुष्ठेयं कृतं वो बाष्पमोक्षणम्।
न कालादुत्तरं किंचित् कर्मशक्यमुपासितुम्॥३॥
भावार्थ :-
‘तुम सब लोग बहुत आँसू बहा चुके। अब उसकी आवश्यकता नहीं है। लोकाचार का भी पालन होना चाहिये। समय बिताकर कोई भी विहित कर्म नहीं किया जा सकता (क्योंकि उचित समय पर न किया जाय तो उस कर्म का कोई फल नहीं होता)॥३॥
श्लोक:
नियतिः कारणं लोके नियतिः कर्मसाधनम्।
नियतिः सर्वभूतानां नियोगेष्विह कारणम्॥४॥
भावार्थ :-
‘जगत् में नियति (काल) ही सबका कारण है। वही समस्त कर्मों का साधन है और काल ही समस्त प्राणियों को विभिन्न कर्मों में नियुक्त करने का कारण है। (क्योंकि वही सबका प्रवर्तक है)॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २६
किष्किन्धाकाण्डम्
षड्विंशः सर्गः (सर्ग 26)
नोट:- हिन्दू संस्कृति, संस्कार और शास्त्र से संबंधित लेख ही यहॉं मान्य होगा।
( हनुमान जी का सुग्रीव के अभिषेक के लिये श्रीरामचन्द्रजी से किष्किन्धा में पधारने की प्रार्थना, तत्पश्चात् सुग्रीव और अङ्गद का अभिषेक )
श्लोक:
ततः शोकाभिसंतप्तं सुग्रीवं क्लिन्नवाससम्।
शाखामृगमहामात्राः परिवार्योपतस्थिरे॥१॥
अभिगम्य महाबाहुं राममक्लिष्टकारिणम्।
स्थिताः प्राञ्जलयः सर्वे पितामहमिवर्षयः॥२॥
भावार्थ :-
तदनन्तर वानरसेना के प्रधान-प्रधान वीर (हनुमान् आदि) भीगे वस्त्रवाले शोक-संतप्त सुग्रीव को चारों ओर से घेरकर उन्हें साथ लिये अनायास ही महान् कर्म करने वाले महाबाहु श्रीराम की सेवा में उपस्थित हुए। श्रीराम के पास आकर वे सभी वानर उनके सामने हाथ जोड़कर खड़े हो गये, जैसे ब्रह्माजी के सम्मुख महर्षिगण खड़े रहते हैं॥१-२॥
श्लोक:
ततः काञ्चनशैलाभस्तरुणार्कनिभाननः।
अब्रवीत् प्राञ्जलिर्वाक्यं हनूमान् मारुतात्मजः॥३॥
भावार्थ :-
तत्पश्चात् सुवर्णमय मेरु पर्वत के समान सुन्दर एवं विशाल शरीर वाले वायुपुत्र हनुमान् जी , जिनका मुख प्रातःकाल के सूर्य की भाँति अरुण प्रभा से प्रकाशित हो रहा था, दोनों हाथ जोड़कर बोले-॥३॥
श्लोक:
भवत्प्रसादात् काकुत्स्थ पितृपैतामहं महत्।
वानराणां सुदंष्ट्राणां सम्पन्नबलशालिनाम्॥४॥
महात्मनां सुदुष्प्रापं प्राप्तं राज्यमिदं प्रभो।
भवता समनुज्ञातः प्रविश्य नगरं शुभम्॥५॥
संविधास्यति कार्याणि सर्वाणि ससुहृद्गणः।
भावार्थ :-
‘ककुत्स्थकुलनन्दन! आपकी कृपा से सुग्रीव को सुन्दर दाढ़वाले पूर्ण बलशाली और महामनस्वी वानरों का यह विशाल साम्राज्य प्राप्त हुआ, जो इनके बाप-दादों के समय से चला आ रहा है। प्रभो! यद्यपि इसका मिलना बहुत ही कठिन था तो भी आपके प्रसाद से यह इन्हें सुलभ हो गया। अब यदि आप आज्ञा दें तो ये अपने सुन्दर नगर में प्रवेश करके सुहृदों के साथ अपना सब राजकार्य सँभालें॥४-५ १/२॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २७
किष्किन्धाकाण्डम्
सप्तविंशः सर्गः (सर्ग 27)
( प्रस्रवणगिरि पर श्रीराम और लक्ष्मण की परस्पर बातचीत )
श्लोक:
अभिषिक्ते तु सुग्रीवे प्रविष्टे वानरे गुहाम्।
आजगाम सह भ्रात्रा रामः प्रस्रवणं गिरिम्॥१॥
भावार्थ :-
जब वानर सुग्रीव का राज्याभिषेक हो गया और वे किष्किन्धा में जाकर रहने लगे, उस समय अपने भाई लक्ष्मण के साथ श्रीरामजी प्रस्रवणगिरि पर चले गये॥१॥
श्लोक:
शार्दूलमृगसंघुष्टं सिंहैर्भीमरवैर्वृतम्।
नानागुल्मलतागूढं बहुपादपसंकुलम्॥२॥
भावार्थ :-
वहाँ चीतों और मृगों की आवाज गूंजती रहती थी। भयंकर गर्जना करने वाले सिंहों से वह स्थान भरा था। नाना प्रकार की झाड़ियाँ और लताएँ उस पर्वत को आच्छादित किये हुए थीं और घने वृक्षों के द्वारा वह सब ओर से व्याप्त था॥२॥
श्लोक:
ऋक्षवानरगोपुच्छैारैिश्च निषेवितम्।
मेघराशिनिभं शैलं नित्यं शुचिकरं शिवम्॥३॥
भावार्थ :-
रीछ, वानर, लंगूर और बिलाव आदि जन्तु वहाँ निवास करते थे। वह पर्वत मेघों के समूह-सा जान पड़ता था। दर्शन करने वाले लोगों के लिये वह सदा ही मङ्गलमय और पवित्रकारक था॥३॥
श्लोक:
तस्य शैलस्य शिखरे महतीमायतां गुहाम्।
प्रत्यगृह्णीत वासार्थं रामः सौमित्रिणा सह॥४॥
भावार्थ :-
उस पर्वत के शिखर पर एक बहुत बड़ी और विस्तृत गुफा थी। लक्ष्मणसहित श्रीराम ने उसी का अपने रहने के लिये आश्रय लिया॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २८
किष्किन्धाकाण्डम्
अष्टाविंशः सर्गः (सर्ग 28)
( श्रीराम के द्वारा वर्षा-ऋतु का वर्णन )
श्लोक:
स तदा वालिनं हत्वा सुग्रीवमभिषिच्य च।
वसन् माल्यवतः पृष्ठे रामो लक्ष्मणमब्रवीत्॥१॥
भावार्थ :-
इस प्रकार वाली का वध और सुग्रीव का राज्याभिषेक करने के अनन्तर माल्यवान् पर्वत के पृष्ठभाग में निवास करते हुए श्रीरामचन्द्रजी लक्ष्मण से कहने लगे—॥१॥
श्लोक:
अयं स कालः सम्प्राप्तः समयोऽद्य जलागमः।
सम्पश्य त्वं नभो मेघैः संवृतं गिरिसंनिभैः॥२॥
भावार्थ :-
‘सुमित्रानन्दन! अब यह जल की प्राप्ति कराने वाला वह प्रसिद्ध वर्षाकाल आ गया। देखो, पर्वत के समान प्रतीत होने वाले मेघों से आकाशमण्डल आच्छन्न हो गया है॥२॥
श्लोक:
नवमासधृतं गर्भं भास्करस्य गभस्तिभिः।
पीत्वा रसं समुद्राणां द्यौः प्रसूते रसायनम्॥३॥
भावार्थ :-
‘यह आकाशस्वरूपा तरुणी सूर्य की किरणों द्वारा समुद्रों का रस पीकर कार्तिक आदि नौ मासों तक धारण किये हुए गर्भ के रूप में जलरूपी रसायन को जन्म दे रही है॥३॥
श्लोक:
शक्यमम्बरमारुह्य मेघसोपानपंक्तिभिः।
कुटजार्जुनमालाभिरलंकर्तुं दिवाकरः॥४॥
भावार्थ :-
‘इस समय मेघरूपी सोपानपंक्तियों (सीढ़ियों) द्वारा आकाश में चढ़कर गिरिमल्लिका और अर्जुनपुष्प की मालाओं से सूर्यदेव को अलंकृत करना सरल-सा हो गया है॥४॥
नोट:- हिन्दू संस्कृति, संस्कार और शास्त्र से संबंधित लेख ही यहॉं मान्य होगा।
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- २९
किष्किन्धाकाण्डम्
एकोनत्रिंशः सर्गः (सर्ग 29)
( हनुमान जी के समझाने से सुग्रीव का नील को वानर-सैनिकों को एकत्र करने का आदेश देना )
श्लोक:
समीक्ष्य विमलं व्योम गतविद्युबलाहकम्।
सारसाकुलसंघुष्टं रम्यज्योत्स्नानुलेपनम्॥१॥
समृद्धार्थं च सुग्रीवं मन्दधर्मार्थसंग्रहम्।
अत्यर्थं चासतां मार्गमेकान्तगतमानसम्॥२॥
निवृत्तकार्यं सिद्धार्थं प्रमदाभिरतं सदा।
प्राप्तवन्तमभिप्रेतान् सर्वानेव मनोरथान्॥३॥
स्वां च पत्नीमभिप्रेतां तारां चापि समीप्सिताम्।
विहरन्तमहोरात्रं कृतार्थं विगतज्वरम्॥४॥
क्रीडन्तमिव देवेशं गन्धर्वाप्सरसां गणैः।
मन्त्रिषु न्यस्तकार्यं च मन्त्रिणामनवेक्षकम्॥५॥
उच्छिन्नराज्यसंदेहं कामवृत्तमिव स्थितम्।
निश्चितार्थोऽर्थतत्त्वज्ञः कालधर्मविशेषवित्॥६॥
प्रसाद्य वाक्यैर्विविधैर्हेतुमद्भिर्मनोरमैः।
वाक्यविद् वाक्यतत्त्वज्ञं हरीशं मारुतात्मजः॥७॥
हितं तथ्यं च पथ्यं च सामधर्मार्थनीतिमत्।
प्रणयप्रीतिसंयुक्तं विश्वासकृतनिश्चयम्॥८॥
हरीश्वरमुपागम्य हनूमान् वाक्यमब्रवीत्।
भावार्थ :-
पवनकुमार हनुमान् शास्त्र के निश्चित सिद्धान्त को जानने वाले थे क्या करना चाहिये और क्या नहीं— इन सभी बातों का उन्हें यथार्थ ज्ञान था। किस समय किस विशेष धर्म का पालन करना चाहिये—इसको भी वे ठीक-ठीक समझते थे। उन्हें बातचीत करने की कला का भी अच्छा ज्ञान था। उन्होंने देखा, आकाश निर्मल हो गया है। अब उसमें न तो बिजली चमकती है और न बादल ही दिखायी देते हैं। अन्तरिक्ष में सब ओर सारस उड़ रहे हैं और उनकी बोली सुनायी देती है। (चन्द्रोदय होने पर) आकाश ऐसा जान पड़ता है, मानो उस पर श्वेत चन्दनसदृश रमणीय चाँदनी का लेप चढ़ा दिया गया हो। सुग्रीव का प्रयोजन सिद्ध हो जाने के कारण अब वे धर्म और अर्थ के संग्रह में शिथिलता दिखाने लगे हैं। असाधु पुरुषों के मार्ग (कामसेवन) का ही अधिक आश्रय ले रहे हैं। एकान्त में ही (जहाँ स्त्रियों के सङ्ग में कोई बाधा न पड़े) उनका मन लगता है। उनका काम पूरा हो गया है। उनके अभीष्ट प्रयोजन की सिद्धि हो चुकी है। अब वे सदा युवती स्त्रियों के साथ क्रीडा-विलास में ही लगे रहते हैं। उन्होंने अपने सारे अभिलषित मनोरथों को प्राप्त कर लिया है। अपनी मनोवाञ्छित पत्नी रुमा तथा अभीष्ट सुन्दरी तारा को भी प्राप्त करके अब वे कृतकृत्य एवं निश्चिन्त होकर दिन-रात भोगविलास में लगे रहते हैं। जैसे देवराज इन्द्र गन्धर्वो और अप्सराओं के समुदाय के साथ क्रीडा में तत्पर रहते हैं, उसी प्रकार सुग्रीव भी अपने मन्त्रियों पर राजकार्य का भार रखकर क्रीडा-विहार में तत्पर हैं। मन्त्रियों के कार्यों की देखभाल वे कभी नहीं करते हैं। मन्त्रियों की सज्जनता के कारण यद्यपि राज्य को किसी प्रकार की हानि पहुँचने का संदेह नहीं है, तथापि स्वयं सुग्रीव ही स्वेच्छाचारी-से हो रहे हैं। यह सब सोचकर हनुमान जी वानरराज सुग्रीवके पास गये और उन्हें युक्तियुक्त विविध एवं मनोरम वचनों के द्वारा प्रसन्न करके बातचीत का मर्म समझने वाले उन सुग्रीव से हितकर, सत्य, लाभदायक, साम, धर्म और अर्थ-नीति से युक्त, शास्त्रविश्वासी पुरुषों के सुदृढ़ निश्चय से सम्पन्न तथा प्रेम और प्रसन्नता से भरे वचन बोले॥१–८ १/२॥
श्लोक:
राज्यं प्राप्तं यशश्चैव कौली श्रीरभिवर्धिता॥९॥
मित्राणां संग्रहः शेषस्तद् भवान् कर्तुमर्हति।
भावार्थ :-
‘राजन्! आपने राज्य और यश प्राप्त कर लिया तथा कुलपरम्परा से आयी हुई लक्ष्मी को भी बढ़ाया; किंतु अभी मित्रों को अपनाने का कार्य शेष रह गया है, उसे आपको इस समय पूर्ण करना चाहिये॥९ १/२॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- ३०
किष्किन्धाकाण्डम्
त्रिंशः सर्गः (सर्ग 30)
( शरद्-ऋतु का वर्णन तथा श्रीराम का लक्ष्मण को सुग्रीव के पास जाने का आदेश देना )
श्लोक:
गृहं प्रविष्टे सुग्रीवे विमुक्ते गगने घनैः।
वर्षरात्रे स्थितो रामः कामशोकाभिपीडितः॥१॥
भावार्थ :-
पूर्वोक्त आदेश देकर सुग्रीव तो अपने महल में चले गये और उधर श्रीरामचन्द्रजी, जो वर्षा की रातों में प्रस्रवणगिरि पर निवास करते थे, आकाश के मेघों से मुक्त एवं निर्मल हो जाने पर सीता से मिलने की उत्कण्ठा लिये उनके विरहजन्य शोक से अत्यन्त पीड़ा का अनुभव करने लगे॥१॥
श्लोक:
पाण्डुरं गगनं दृष्ट्वा विमलं चन्द्रमण्डलम्।
शारदीं रजनीं चैव दृष्ट्वा ज्योत्स्नानुलेपनाम्॥२॥
भावार्थ :-
उन्होंने देखा, आकाश श्वेत वर्ण का हो रहा है, चन्द्रमण्डल स्वच्छ दिखायी देता है तथा शरद्ऋतु की रजनी के अङ्गों पर चाँदनी का अङ्गराग लगा हुआ है। यह सब देखकर वे सीता से मिलने के लिये व्याकुल हो उठे॥२॥
श्लोक:
कामवृत्तं च सुग्रीवं नष्टां च जनकात्मजाम्।
दृष्ट्वा कालमतीतं च मुमोह परमातुरः॥३॥
भावार्थ :-
उन्होंने सोचा ‘सुग्रीव काम में आसक्त हो रहा है, जनककुमारी सीता का अब तक कुछ पता नहीं लगा हैऔर रावण पर चढ़ाई करने का समय भी बीता जा रहा है।’ यह सब देखकर अत्यन्त आतुर हुए श्रीराम का हृदय व्याकुल हो उठा॥३॥
श्लोक:
स तु संज्ञामुपागम्य मुहूर्तान्मतिमान् नृपः।
मनःस्थामपि वैदेहीं चिन्तयामास राघवः॥४॥
भावार्थ :-
दो घड़ी के बाद जब उनका मन कुछ स्वस्थ हुआ, तब वे बुद्धिमान् नरेश श्रीरघुनाथजी अपने मन में बसी हुई विदेहनन्दिनी सीता का चिन्तन करने लगे॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- ३१
किष्किन्धाकाण्डम्
एकत्रिंशः सर्गः (सर्ग 31)
( सुग्रीव पर लक्ष्मण का रोष, लक्ष्मण का किष्किन्धा के द्वार पर जाकर अङ्गद को सुग्रीव के पास भेजना, प्लक्ष और प्रभाव का सुग्रीव को कर्तव्य का उपदेश देना )
श्लोक:
स कामिनं दीनमदीनसत्त्वं शोकाभिपन्नं समुदीर्णकोपम्।
नरेन्द्रसूनुर्नरदेवपुत्रं रामानुजः पूर्वजमित्युवाच॥१॥
भावार्थ :-
श्रीराम के छोटे भाई नरेन्द्रकुमार लक्ष्मण ने उस समय सीता की कामना से युक्त, दुःखी, उदारहृदय, शोकग्रस्त तथा बढ़े हुए रोषवाले ज्येष्ठ भ्राता महाराजपुत्र श्रीराम से इस प्रकार कहा—॥१॥
श्लोक:
न वानरः स्थास्यति साधुवृत्ते न मन्यते कर्मफलानुषङ्गान्।
न भोक्ष्यते वानरराज्यलक्ष्मी तथा हि नातिक्रमतेऽस्य बुद्धिः॥२॥
भावार्थ :-
‘आर्य! सुग्रीव वानर है, वह श्रेष्ठ पुरुषों के लिये उचित सदाचार पर स्थिर नहीं रह सकेगा। सुग्रीव इस बात को भी नहीं मानता है कि अग्नि को साक्षी देकर श्रीरघुनाथजी के साथ मित्रता-स्थापन रूप जो सत्-कर्म किया गया है, उसी के फल से मुझे निष्कण्टक राज्यभोग प्राप्त हुए हैं। अतः वह वानरों की राज्यलक्ष्मी का पालन एवं उपभोग नहीं कर सकेगा; क्योंकि उसकी बुद्धि मित्रधर्म के पालन के लिये अधिक आगे नहीं बढ़ रही है॥२॥
श्लोक:
मतिक्षयाद् ग्राम्यसुखेषु सक्तस्तव प्रसादात् प्रतिकारबुद्धिः।
हतोऽग्रजं पश्यतु वीरवालिनं न राज्यमेवं विगुणस्य देयम्॥३॥
भावार्थ :-
‘सुग्रीव की बुद्धि मारी गयी है, इसलिये वह विषयभोगों में आसक्त हो गया है। आपकी कृपा से जो उसे राज्य आदि का लाभ हुआ है, उस उपकार का बदला चुकाने की उसकी नीयत नहीं है। अतः अब वह भी मारा जाकर अपने बड़े भाई वीरवर वाली का दर्शन करे। ऐसे गुणहीन पुरुष को राज्य नहीं देना चाहिये॥३॥
श्लोक:
न धारये कोपमुदीर्णवेगं निहन्मि सुग्रीवमसत्यमद्य।
हरिप्रवीरैः सह वालिपुत्रो नरेन्द्रपुत्र्या विचयं करोतु॥४॥
भावार्थ :-
‘मेरे क्रोध का वेग बढ़ा हुआ है। मैं इसे रोक नहीं सकता। असत्यवादी सुग्रीव को आज ही मारे डालता हूँ। अब वालिकुमार अङ्गद ही राजा होकर प्रधान वानर-वीरों के साथ राजकुमारी सीता की खोज करे’॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- ३२
किष्किन्धाकाण्डम्
द्वात्रिंशः सर्गः (सर्ग 32)
नोट:- हिन्दू संस्कृति, संस्कार और शास्त्र से संबंधित लेख ही यहॉं मान्य होगा।
( हनुमान जी का चिन्तित हुए सुग्रीव को समझाना )
श्लोक:
अङ्गदस्य वचः श्रुत्वा सुग्रीवः सचिवैः सह।
लक्ष्मणं कुपितं श्रुत्वा मुमोचासनमात्मवान्॥१॥
भावार्थ :-
मन्त्रियों सहित अङ्गद का वचन सुनकर और लक्ष्मण के कुपित होने का समाचार पाकर मन को वश में रखने वाले सुग्रीव आसन छोड़कर खड़े हो गये॥१॥
श्लोक:
स च तानब्रवीद् वाक्यं निश्चित्य गुरुलाघवम्।
मन्त्रज्ञान् मन्त्रकुशलो मन्त्रेषु परिनिष्ठितः॥२॥
भावार्थ :-
वे मन्त्रणा (कर्तव्यविषयक विचार) के परिनिष्ठित विद्वान् होनेके कारण मन्त्रप्रयोगमें अत्यन्त कुशल थे। उन्होंने श्रीरामचन्द्रजीकी महत्ता और अपनी लघुताका विचार करके मन्त्रज्ञ मन्त्रियोंसे कहा-॥२॥
श्लोक:
न मे दुर्व्याहृतं किंचिन्नापि मे दुरनुष्ठितम्।
लक्ष्मणो राघवभ्राता क्रुद्धः किमिति चिन्तये॥३॥
भावार्थ :-
‘मैंने न तो कोई अनुचित बात मुँह से निकाली है और न कोई बुरा काम ही किया है। फिर श्रीरघुनाथजी के भ्राता लक्ष्मण मुझपर कुपित क्यों हुए हैं? इस बात पर मैं बारंबार विचार करता हूँ॥३॥
श्लोक:
असुहृद्भिर्ममामित्रैर्नित्यमन्तरदर्शिभिः।
मम दोषानसम्भूतान् श्रावितो राघवानुजः॥४॥
भावार्थ :-
‘जो सदा मेरे छिद्र देखने वाले हैं तथा जिनका हृदय मेरे प्रति शुद्ध नहीं है, उन शत्रुओं ने निश्चय ही श्रीरामचन्द्रजी के छोटे भाई लक्ष्मण से मेरे ऐसे दोष सुनाये हैं जो मेरे भीतर कभी प्रकट नहीं हुए थे॥४॥
वाल्मीकि रामायण- किष्किंधाकाण्ड सर्ग- ३३
किष्किन्धाकाण्डम्
त्रयस्त्रिंशः सर्गः (सर्ग 33)
( लक्ष्मण का सुग्रीव के महल में क्रोधपूर्वक धनुष को टंकारना, सुग्रीव का तारा को उन्हें शान्त करने के लिये भेजना तथा तारा का समझा-बुझाकर उन्हें अन्तःपुर में ले आना )
श्लोक:
अथ प्रतिसमादिष्टो लक्ष्मणः परवीरहा।
प्रविवेश गुहां रम्यां किष्किन्धां रामशासनात्॥१॥
भावार्थ :-
इधर गुफा में प्रवेश करने के लिये अङ्गद के प्रार्थना करने पर शत्रुवीरों का संहार करने वाले लक्ष्मण ने श्रीराम की आज्ञा के अनुसार किष्किन्धा नामक रमणीय गुफा में प्रवेश किया॥१॥
श्लोक:
द्वारस्था हरयस्तत्र महाकाया महाबलाः।
बभूवुर्लक्ष्मणं दृष्ट्वा सर्वे प्राञ्जलयः स्थिताः॥२॥
भावार्थ :-
किष्किन्धा के द्वार पर जो विशाल शरीरवाले महाबली वानर थे, वे सब लक्ष्मण को देख हाथ जोड़कर खड़े हो गये॥२॥
श्लोक:
निःश्वसन्तं तु तं दृष्ट्वा क्रुद्धं दशरथात्मजम्।
बभूवुर्हरयस्त्रस्ता न चैनं पर्यवारयन्॥३॥
भावार्थ :-
दशरथनन्दन लक्ष्मण को क्रोधपूर्वक लंबी साँस खींचते देख वे सब वानर अत्यन्त भयभीत हो गये थे। इसलिये वे उन्हें चारों ओर से घेरकर उनके साथसाथ नहीं चल सके॥३॥
श्लोक:
स तां रत्नमयीं दिव्यां श्रीमान् पुष्पितकाननाम्।
रम्यां रत्नसमाकीर्णां ददर्श महतीं गुहाम्॥४॥
भावार्थ :-
श्रीमान् लक्ष्मण ने द्वार के भीतर प्रवेश करके देखा, किष्किन्धापुरी एक बहुत बड़ी रमणीय गुफा के रूप में बसी हुई है। वह रत्नमयी पुरी नाना प्रकार के रत्नों से भरी-पूरी होने के कारण दिव्य शोभा से सम्पन्न है। वहाँ के वन-उपवन फूलों से सुशोभित दिखायी दिये॥४॥











